लखनऊ।। देश के सर्वाधिक जनसंख्या वाले राज्य उत्तर प्रदेश में हो रहे विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण का मतदान 23 फरवरी (गुरुवार) को होगा। इस चरण में 13 जिलों की 49 सीटों के लिए कुल 829 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनकी किस्मत का फैसला 1.56 करोड़ मतदाता करेंगे। पांचवें चरण में जिन 13 जिलों में मतदान होना है, उनमें एटा, कांशीराम नगर, कानपुर, रमाबाई नगर, महोबा, जालौन, झांसी, हमीरपुर, औरैया, इटावा, ललितपुर, मैनपुरी और फिरोजाबाद शामिल हैं। इस चरण के लिए चुनाव प्रचार मंगलवार शाम थम गया। प्रचार के आखिरी दिन बहुजन समाज पार्टी (बसपा), समाजवादी पार्टी (एसपी), भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और कांग्रेस सहित अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं ने 50 से अधिक जनसभाएं कर अपनी पूरी ताकत झ्झोंकी। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन विभिन्न विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मुख्यमंत्री मायावती, बीजेपी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह, कांग्रेस के महासचिव राहुल गांधी, एसपी के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव, राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) नेता जयंत चौधरी, बीजेपी नेता उमा भारती और सुषमा स्वराज ने जनसभाओं को संबोधित किया। फिरोजाबाद, औरैया, रमाबाई नगर और इटावा जहां एसपी का गढ़ माना जाता है, वहीं पिछले विधानसभा चुनाव में बुंदेलखंड के झ्झांसी, हमीरपुर, ललितपुर, जालौन और महोबा में बीएसपी का दबदबा रहा है।
| < Prev | Next > |
|---|