उत्तर प्रदेश।। जहां सभी पार्टियों ने अपने-अपने दल के दिग्गजों को मैदान में उतारा है। वहां बसपा के लिए वोटबैंक बटोरने का जिम्मा खुद पार्टी की सुप्रीमो और सूबे की मुख्यमंत्री मायावती ने उठाया है। मायावती आज अलीगढ़ के कृषि प्रदर्शनी मैदान में पहली चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगी और इसके बाद वो आगरा के कोठी मीना बाजार मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगी
यूपी में इस बार मुलायम सिंह की समाजवादी पार्टी भी परचम लहराने की पूरी तैयारी में है।मुलायमसिहं के साथ उनके बेटे अखिलेश यादव भी जी-तोड़ मेहनत में जुटे हैं। मुलायम सिंह आज कांशीरामनगर, एटा और फिरोजाबाद में जनसभाओं को संबोधित करेंगे तो वहीं उनके बेटे अखिलेश यादव भी आगरा मथुरा और हाथरस समेत तीन जनसभाओं को संबोधित करने जा रहे हैं।
यूपी में अपनी खोई हुई छवि को दोबारा सुधारने के लिए बीजेपी भी खूब पसीना बहा रही है। आडवाणी, राजनाथ और उमा भारती समेत बीजेपी के सभी बड़े नेता इस बार यूपी में ज्यादा से ज्यादा सीटों पर कब्जा करने की फिराक में जुटे हैं। इसी कड़ी में बीजेपी ने आज सुषमा स्वराज को भी यूपी के चुनावी मैदान में भेज दिया है। आज सुषमा स्वराज औरैया के अजीतमहल विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करेंगी।
पश्चिमी यूपी में जाटों के नेता अजीत सिंह का पहले से ही दबदबा रहा है। इस बार भी कांग्रेस और आरएलडी का गठबंधन लोगों की भीड़ जुटाने में कामयाब हो रहा है। शनिवार को अजीत सिंह के बेटे जयंत चौधरी जब भोजपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रचार के लिए उतरे तो मैदान में पांव तक रखने की जगह नहीं बची लेकिन आज खुद पार्टी के अध्यक्ष चौधरी अजीत सिंह लोगों के रूबरू होने जा रहे हैं। आज मोदीनगर, मेरठ और किठौर में अजीत सिंह जनसभाओं को संबोधित करेंगे वहीं उनके बेटे जयंत चौधरी सरधना में जनसभा को संबोधित कर रोड शो करेंगे।
| < Prev | Next > |
|---|