Sat05192012

Last update01:17:42 PM GMT

जाटों ने दिया सरकार को 24 घंटे का अल्टिमेटम

Share/Save/Bookmark

jat_andolnहिसार।। हिसार जिले के गांव मयड़ के निकट रामायण रेलवे फाटक पर रेलवे टै्रक पर पिछले दो दिनों से पड़ाव डालकर हिसार-रेवाड़ी रेल मार्ग पर रेलगाडि़यों का आवागमन पूरी तरह से ठप किए बैठे आंदोलनकारी जाटों ने हरियाणा सरकार को 24 घंटे का अल्टिमेटम दिया है। उनका कहना है कि इस दौरान जाटों को आरक्षण देने की मांग मंजूर कर ली जाए, वरना इस अवधि के खत्म होने के बाद अगले चरण के आंदोलन में कड़े से कड़ा कदम उठाया जाएगा। हिसार-लुधियाना रेल टै्रक को भी जाम कर दिया जाएगा। जाट आरक्षण संघर्ष समिति की 35 सदस्यीय कमिटी द्वारा सोमवार को लिए गए इस फैसले की जानकारी देते हुए जाट आरक्षण संघर्ष समिति के प्रदेशाध्यक्ष हवा सिंह सांगवान ने बताया कि संपत सिंह द्वारा जाट आरक्षण व आंदोलन के बारे में दी जा रही बयानबाजी का भी कमिटी ने कड़ा नोटिस लिया है। कमिटी ने संपत सिंह को अल्टिमेटम दिया है कि वे अपनी इस बयानबाजी के लिए रामायण रेलवे फाटक पर जाटों द्वारा दिए जा रहे धरना स्थल पर आकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। अगर उन्होंने ऐसा नहीं किया तो जाटों द्वारा उनका हुक्का-पानी बंद कर दिया जाएगा। हवा सिंह सांगवान ने आरोप लगाया कि जाट आरक्षण के मामले पर हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भ्रामक बयानबाजी दे रहे हैं। हिसार-रेवाड़ी रेल टै्रक जाम कर दिए जाने से हिसार से दिल्ली को जाने वाली एक दर्जन से अधिक यात्री रेलगाडि़यां दो दिन से बंद पड़ी हैं। लगभग आधा दर्जन रेलगाडि़यों को हिसार लाने की बजाय दूसरे रास्तों से निकाला जा रहा है।