नई दिल्ली।। एयरपोर्ट मेट्रो के शिवाजी स्टेडियम और नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर अंतर्राष्ट्रीय उडा़नों के यात्रियों के लिए गुरुवार से चेक इन सुविधा शुरू हो जाएगी। एयरपोर्ट मेट्रो का संचालन करने वाली कंपनी रिलायंस इन्प्रास्ट्रक्चर के प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि शुरू में एयर इंडिया, किंगफिशर और जेट एयरवेज इन दोनों स्टेडियमों पर अंतर्राष्ट्रीय उडानों के यात्रियों के लिए यह सुविधा शुरू करेंगी बाद में अन्य एयरलाइन भी इन स्टेशनों पर अपने काउंटर खोलेगी। उन्होंने बताया कि यात्री उडा़न के समय से 8 घंटे से लेकर ढाई घंटे पहले तक चेक इन करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय सेवाओं का संचालन करने वाली अन्य एयरलाइनों के साथ बात हो रही है और वे भी जल्द ही इन दोनों स्टेशनों पर अपने काउंटर खोलेंगी। रिलायंस इन्प्रास्ट्रक्चर के अध्यक्ष अनिल पी गुप्ता ने बताया कि उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान से आने वाले यात्रियों को इस सुविधा से विशेष फायदा होगा क्योंकि यह यात्री ट्रेन से सीधे नई दिल्ली स्टेशन आकर चेक इन सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। पहले यात्रियों को इसके लिए अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे जाना होता था।| < Prev | Next > |
|---|