Wed02222012

Last update03:12:11 PM GMT

Delhi News

इजरायली दूतावास कार विस्फोट मामला, हूजी पर शक की सुई

delhi_blastनई दिल्ली।। इजरायली दूतावास की कार पर 13 फरवरी को हुए बम विस्फोट की जांच में नया मोड़ आ गया है। जांचकर्ताओं को बांग्लादेश स्थित आतंकवादी संगठन हूजी पर शक है। खुफिया और राजनयिक विभाग के सूत्रों के मुताबिक बांग्लादेश के कॉक्स बाजार से एक संदिग्ध सेटेलाइट फोन के जरिए नई दिल्ली में दो बार बातचीत हुई। बताया जा रहा है कि विस्फोट के दिन और घटना से एक सप्ताह पहले सेटेलाइट फोन से जिस मोबाइल फोन पर बातचीत हुई, उस मोबाइल फोन को हमले के तुरंत बाद बंद कर दिया गया था। 

प्रतिभा पाटिल सबसे दयालु राष्ट्रपति, 23 की मौत की सजा को बदला

president-pratibha-patilनई दिल्ली।। पिछले तीन दशक में राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल सबसे दयालु राष्ट्रपति साबित हो रही हैं। राष्ट्रपति ने अपने कार्यकाल के दौरान 23 लोगों की मौत की सजा को आजीवन कारावास में तब्दील कर दिया। ये जानकारी राष्ट्रपति भवन से आरटीआई के तहत प्राप्त हुई है। इसमें कहा गया है कि 1981 से मौत की सजा को आजीवन कारावास की सजा में तब्दील करने के लिये 91 सजायाफ्ता लोगों ने राष्ट्रपति भवन के दरवाजे खटखटाये। इन याचिकाओं में से 31 की याचिका स्वीकार हुई जिनमें से 23 उनके कार्यकाल में स्वीकार हुई। 

2 जी घोटाला- एस्सार और लूप को थोड़ी राहत

2g-sacm-301नई दिल्ली।। टू-जी घोटाला मामले में एस्सार और लूप के प्रमोटर्स अंशुमान, रवि रुइया, आईपी खेतान और किरण खेतान को कोर्ट में पेशी से 17 मार्च तक छूट मिल गई है। पटियाला हाउस कोर्ट ने इस मामले में इन लोगों को बतौर आरोपी समन जारी किया था। वहीं, अदालत में एस्सार के डायरेक्टर विकास सर्राफ पेश हुए और उन्होंने अपनी ज़मानत की अर्जी दी । अदालत ने इस मामले में सीबीआई से 17 मार्च तक जवाब मांगा है। आपको बता दें की सीबीआई ने अपनी तीसरी चार्जशीट मे एस्सार और लूप को आरोपी बनाया था।

NCTC का विरोध दुर्भाग्यपूर्ण: शीला

sheilaनई दिल्ली ।। दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने राष्ट्रीय आतंकवाद निरोधक केंद्र (एनसीटीसी) की स्थापना का समर्थन करते हुए कहा कि इसके गठन से राज्यों के अधिकार में हस्तक्षेप नहीं होगा। कई गैर कांग्रेस शासित राज्यों द्वारा महत्वाकांक्षी प्रयास के विरोध को दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए उन्होंने कहा कि सुरक्षा संबंधी खतरे से निपटने में राज्यों के सहयोग के लिये एनसीटीसी का गठन हो रहा है। शीला ने कहा, यह दुर्भाग्यपूर्ण है जिसका संबंध देश की सुरक्षा से है। हर किसी को सुरक्षा की चिंता है। इससे सुरक्षा उपायों में सहयोग मिलेगा, उनका सहयोग हो सकेगा। उन्होंने इन आलोचनाओं को खारिज कर दिया कि आतंकवाद निरोधक निकाय के गठन से संघीय ढांचे में बाधा आएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि एनसीटीसी के गठन का उद्देश्य विभिन्न खतरों से प्रभावशाली तरीके से निपटना है। उन्होंने कहा, गृह मंत्री ने कहा है कि इससे राज्यों को विभिन्न सुरक्षा खतरों से निपटने में सहयोग मिलेगा। यह किसी के अधिकारों में हस्तक्षेप का मामला नहीं है। एनसीटीसी का विरोध कम से कम 13 राज्य कर रहे हैं जिसमें संप्रग की सहयोगी तृणमूल कांग्रेस शासित पश्चिम बंगाल भी शामिल है। इन राज्यों का कहना है कि निकाय के गठन से राज्यों के अधिकारों में हस्तक्षेप होगा और संघीय ढांचे में बाधा आएगी।

एयरपोर्ट मेट्रो के दो स्टेशनों पर चेक इन सुविधा

airport_plane_checkनई दिल्ली।। एयरपोर्ट मेट्रो के शिवाजी स्टेडियम और नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर अंतर्राष्ट्रीय उडा़नों के यात्रियों के लिए गुरुवार से चेक इन सुविधा शुरू हो जाएगी। एयरपोर्ट मेट्रो का संचालन करने वाली कंपनी रिलायंस इन्प्रास्ट्रक्चर के प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि शुरू में एयर इंडिया, किंगफिशर और जेट एयरवेज इन दोनों स्टेडियमों पर अंतर्राष्ट्रीय उडानों के यात्रियों के लिए यह सुविधा शुरू करेंगी बाद में अन्य एयरलाइन भी इन स्टेशनों पर अपने काउंटर खोलेगी। उन्होंने बताया कि यात्री उडा़न के समय से 8 घंटे से लेकर ढाई घंटे पहले तक चेक इन करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय सेवाओं का संचालन करने वाली अन्य एयरलाइनों के साथ बात हो रही है और वे भी जल्द ही इन दोनों स्टेशनों पर अपने काउंटर खोलेंगी। रिलायंस इन्प्रास्ट्रक्चर के अध्यक्ष अनिल पी गुप्ता ने बताया कि उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान से आने वाले यात्रियों को इस सुविधा से विशेष फायदा होगा क्योंकि यह यात्री ट्रेन से सीधे नई दिल्ली स्टेशन आकर चेक इन सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। पहले यात्रियों को इसके लिए अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे जाना होता था।

विवादों के बीच ममता-मनमोहन की मुलाकात आज

Mamata_Manmohanनई दिल्ली।। एनसीटीसी मुद्दे समेत कई और मुद्दों पर बिफरी पश्चिमी बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बेनर्जी बुधवार को प्रधानमंत्री से मिल रही हैं। इस मुलाकात के बाद ममता शांत हो सकेंगी या नहीं यह तो समय ही बताएगा लेकिन फिलहाल उनके तेवर बड़े सख्त हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से अपना दामन अलग कर लेने तक के संकेत दिए हैं। ऐसे में यह बैठक बेहद अहम माना जा रही है। फरक्का बांध मुद्दे के जल्द निपटारे के लिए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात करेंगी। इस मुलाकात में वह गोरखालैंड क्षेत्रीय प्रशासन के मुद्दे को भी उठाएंगी। तृणमूल कांग्रेस के लोकसभा में 19 सदस्य हैं। बुधवार को होने वाली बैठक इसलिए अहम हो गई है क्योंकि ममता पिछले कुछ समय से लगातार सरकार के विभिन्न प्रस्तावों का विरोध करती रही हैं। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ मुलाकात से पहले काग्रेस ने कहा कि एनसीटीसी के खिलाफ ममता बनर्जी के विरोध को तवज्जो नहीं देते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री के लिए कुछ चिंताएं अस्वाभाविक नहीं हैं। काग्रेस के वरिष्ठ नेता शकील अहमद ने कहा कि वह अपनी पार्टी की अध्यक्ष और मुख्यमंत्री हैं। उनकी कुछ चिंताएं हैं और मैं इसे निराधार नहीं मानता। अहमद पश्चिम बंगाल में पार्टी मामलों के प्रभारी भी हैं। अहमद ने एनसीटीसी समेत अन्य मुद्दों पर ममता के तल्ख रवैये पर कहा कि गठबंधन सहयोगियों के बीच विचारों की भिन्नता असामान्य नहीं है। अगर दोनों गठबंधन सहयोगी चर्चा करते हैं और कोई रास्ता निकल ही आता है। कार्यक्रम में शामिल न हो पाने को पहले ही किया था सूचित  पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के शनिवार को कोलकाता के पास एनएसजी हब उद्घाटन समारोह में शामिल नहीं होने के बारे में पूर्व में ही ममता बेनर्जी ने गृह मंत्री पी चिदंबरम को लिख कर सूचित कर दिया था। अपने पत्र में उन्होंने लिखा था कि वह कुछ आवश्यक व्यस्तताओं के चलते कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकेंगी। ममता ने 13 फरवरी को चिदंबरम को पत्र लिखकर सूचित कर दिया था कि पूर्व निर्धारित आवश्यक व्यस्तताओं के कारण वह कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाएंगी। अपने पत्र में गृह मंत्री से यह भी कहा था कि यह कार्यक्रम पूर्व में कई बार स्थगित हो चुका है और इस बार इसका आयोजन नहीं टाला जाना चाहिए। ममता ने यह भी सूचित किया था कि वह कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मुकुल राय तथा ज्योतिप्रिय मलिक को भेजेंगी। मुंबई में हुए आतंकी हमले के बाद तैयार योजना के तहत कोलकाता में एनएसजी केंद्र स्थापित किया गया है।

शिक्षा मंत्रियो की होगी बैठक, कपिल सिब्बल करेंगे अध्यक्षता

kapil_sibbalनई दिल्ली।। शिक्षा में आमूलचूल सुधार कार्यक्रम को आगे बढ़ाने से जुड़े सर्व शिक्षा अभियान, माध्यमिक शिक्षा अभियान, राष्ट्रीय एकल साझा प्रवेश परीक्षा, व्यवसायिक शिक्षा कार्यक्रम जैसे मुद्दों पर चर्चा के लिए आज दिल्ली में राज्य के शिक्षा मंत्रियों की बैठक आयोजित की जा रही है। मानव संसाधन विकास मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक आज राज्य के शिक्षा मंत्रियों की बैठक होगी, जिसकी अध्यक्षता कपिल सिब्बल करेंगे।  इस बैठक में जिन विषयों पर चर्चा होगी उसमें राष्ट्रीय व्यवसायिक शिक्षा पात्रता ढांचा NVEQF, उच्च शिक्षा के लिए साझा पात्रता प्रवेश परीक्षा प्रमुख है। बैठक में 12वीं योजना के तहत सामुदायिक कालेजों की स्थापना और उससे जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की जाएगी।