नई दिल्ली।। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल आज शाम पांच बजे अपना उपवास खत्म करेंगे।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार और बिजली कंपनियों में मिली भगत है। आज उनके अनशन का 15वां दिन है। उन्होंने कहा है कि आंदोलन के पहले चरण में करीब 10.52 लाख लोगों ने बिजली बिल नहीं देने की बात कही है। उन्होंने कहा है कि अगर इसमें से 40 फीसदी लोग भी बिजली बिल नहीं देने की हिम्मत दिखाएंगे, तो यह बड़ी बात होगी।
वहीं केजरीवाल ने शीला सरकार को चेतावनी दी की अब आप के कार्यकर्ता दिल्ली में घूम-घूम कर कटे हुए बिजली के कटे कनेक्शनों को जोड़ेंगे। केजरीवाल के ऐलान के बाद बिजली कंपनियों ने भी एडवाइजरी जारी की है।
इस बीच आम आदमी पार्टी ने अपने आदोलन को भारी जनसमर्थन मिलने का दावा किया है। पार्टी के मुताबिक अब तक 10 लाख लोग केजरीवाल के आंदोलन के साथ जुड़ चुके हैं।
उत्तर प्रदेश।। समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने एक बार फिर अपने बेटे अखिलेश यादव की सरकार को फटकार लगाई है। मुलायम सिंह ने कहा है कि कई विभागों की कार्यप्रणाली पर उन्हें लगातार शिकायतें मिल रही हैं और ये विभाग सिर्फ अधिकारी चला रहे हैं मंत्री नहीं, और राज्य सरकार को इसे जल्द से जल्द देखना चाहिए।
फरीदाबाद।। फरीदाबाद में एक तेज रफ्तार स्कूल बस ने साइकिल सवार 6 साल की छात्रा को कुचल दिया जिससे छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एनएच-5 एम ब्लाक में रहने वाले अनुष्का एनएच-5 स्थित केएल मेहता दयानंद स्कूल में पहली कक्षा में पढ़ती थी। अनुष्का का भाई अपनी बहन को सोमवार दोपहर लगभग ढाई बजे साइकिल पर ट्यूशन छोड़ने के लिए एनएच-5 जी ब्लाक जा रहा था इसी दौरान पीछे से आई एक स्कूल बस ने साइकिल में टक्कर मार दी, इससे साहिल एक तरफ जा गिरा जबकि अन्नू बस के पहिये के नीचे आ गई। वहीं हादसे के बाद गुस्साये लोगों ने बस में तोड़फोड़ कर उसे आग के हवाले कर दिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी बस ड्राइवर को हिरासत में लेकर जांच शुरु कर दी है।
भागलपुर।। बिहार के भागलपुर में एक महिला से गैंगरेप की घटना सामने आई है। रेप के बाद महिला की हत्या कर उसकी लाश को एक आम के पेड़ से लटका दिया गया। पुलिस को महिला की लाश नग्न हालत में एक पेड़ से लटका मिली। पीडिता पश्चिम बंगाल की रहने वाली है। वह दिल्ली जाने के लिए ब्रर्हमपुत्र मेल ट्रेन से यात्रा कर रही थी। ट्रेन की रफ्तार धीमी होने पर वह विक्रमशिला और कहलगांव स्टेशन के बीच ट्रेन से उतर गयी। ये अभी साफ नहीं है कि वो ट्रेन से क्यों उतरी.महिला के पर्स से पुलिस को रेल टिकट और कागज का एक टुकड़ा मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।
गुड़गांव।। सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे तबीयत खराब होने पर अन्ना हजारे को मेदांता द मेडिसिटी में दाखिल हुए। उनका इलाज कर रहे डा. रवि कासलीवाल ने बताया कि अन्ना को पेट व सीने में हल्का दर्द, सर्दी खांसी और गैस्ट्रोएनटाइट्रिस की शिकायत है। यह तकलीफ गंभीर नहीं है। उनके रक्त और पेशाब के नमूने लिए गए, जिनकी रिपोर्ट ठीक है। सावधानी वश उन्हें अभी विशेष सघन जांच कक्ष में ही रखा गया है।
नई दिल्ली।। अरबपति कारोबारी दीपक भारद्वाज हत्या मामले में दिल्ली पुलिस ने अहम सबूत मिलने का दावा किया है। दिल्ली पुलिस ने वारदात में शामिल हथियार को नहर से बरामद किया हैं। पुलिस का दावा है कि इन्हीं हथियारों से शूटर पुरुषोत्तम ने दीपक की हत्या की होगी। इधर स्वामी के मोबाइल फोनों की कॉल डिटेल से ये खुलासा हुआ है कि दीपक भारद्वाज की हत्या के लिए शूटर पुरुषोत्तम को सुपारी देने वाला स्वामी प्रतिमानंद दीपक के संपर्क में नहीं था।
शहीद हेमराज की मां और पत्नी की हालत बिगड़ गई है। शहीद हेमराज की मां और पत्नी पिछले 5 दिनों से उनका कटा हुआ सिर वापस लाने की मांग कर रहे हैं और अपनी मांग को लेकर दोनों ने खाना पानी त्याग दिया है। वहीं, डॉक्टरों का कहना है कि अगर इन दोनों को जल्द से जल्द अस्पताल में भर्ती नहीं कराया गया तो इनके जान को खतरा हो सकता है। डॉक्टरों का कहना है कि दोनों के शरीर में पानी की कमी हो गई है। फिलहाल गांव में ही ड्रिप के माध्यम से आवश्यक दवाओं सहित ग्लुकोज चढाया जा रहा है जो की काफी नहीं है।