Sat05192012

Last update01:17:42 PM GMT

आतंकवाद से मिलकर लड़ेंगे : जरदारी

Share/Save/Bookmark

Asif-Ali-Zardari2इस्लामाबाद : राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने शुक्रवार को कहा कि पाकिस्तान, अफगानिस्तान और ईरान आतंकवाद से मिलकर लड़ने पर सहमत हुए हैं। जरदारी ने त्रिपक्षीय सम्मेलन के बाद यह बात कही। ज्ञात हो कि पाकिस्तान, ईरान और अफगानिस्तान के नेताओं ने वर्ष 2009 के बाद अपना तीसरा त्रिपक्षीय सम्मेलन आयोजित किया है। समाचार चैनल ‘जिओ न्यूज’ के मुताबिक, सम्मेलन में जरदारी, ईरान के राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद और अफगानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करजई के साथ शरीक हुए। इस मौके पर तीनों नेताओं ने आपसी व्यापार एवं सुरक्षा सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। सम्मेलन के बाद जरदारी ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई मिलकर लड़ने पर समझौता हुआ है। आतंकवादियों के साथ पाकिस्तानी सुरक्षा एजेंसी की कथित संलिप्तता के सवाल पर जरदारी ने कहा, ‘मैं इस धारणा को कि हमारी सशस्त्र सेना प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से आतंकवाद में संलिप्त है, गलत ठहराता हूं। सोवियत संघ के खिलाफ जो युद्ध लड़ा गया उसके अवशेष जरूर पाकिस्तान में हैं और मैं इससे इंकार नहीं कर सकता।’ जरदारी ने कहा, ‘हम इससे इंकार नहीं कर सकते..ऐसे कुछ लोग हो सकते हैं जो इसमें संलिप्त हों लेकिन यह एक वैश्विक समस्या है।’ करजई और अहमदीनेजाद के साथ जरदारी ने कहा, ‘आप तीन राष्ट्रपतियों को एक साथ बैठे देख रहे हैं और हम इस अभिशाप से लड़ेंगे।’ वहीं, अहमदीनेजाद ने कहा कि विदेशी ताकतें क्षेत्र में प्रभाव जमाना चाहती हैं लेकिन इसकी इजाजत नहीं दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘हमें अपने मामलों में बाहरी हस्तक्षेप का मौका नहीं देना चाहिए।’ उल्लेखनीय है कि पश्चिमी देशों ने ईरान पर गोपनीय तरीके से परमाणु हथियार कार्यक्रम चलाने का आरोप लगाया है जबकि ईरान का कहना है कि उसका परमाणु कार्यक्रम नागरिक उद्देश्यों के लिए है।