राष्ट्रमंडल खेलों में आतंकी हमले का खतराः अमेरिका
Thursday, 2nd September 2010
अमेरिका ने दिल्ली में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान भारत का दौरा करने वाले अपने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उसका कहना है कि इस दौरान ‘आतंकवादी हमले और हिंसा’ का खतरा है। अमेरिकी विदेश विभाग ने बयान जारी कर कहा कि भारत में अमेरिकी दूतावास ने वहां की यात्रा कर रहे या रह रहे अमेरिका नागरिकों को राष्ट्रमंडल खेलों से जुड़े सुरक्षा संबंधी मसलों के मद्देनजर सतर्क रहने को कहा है।
खेलों का आयोजन 3 से 14 अक्टूबर के बीच-राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन 3 से 14 अक्टूबर के बीच नई दिल्ली में होगा। अमेरिकी विदेश विभाग ने अपने नागरिकों से सिर्फ भारत में ही नहीं पूरी दुनिया में सतर्कता बरतने की अपील की है। अमेरिका ने आतंकवादी हमले के खतरे के मद्देनजर भले ही अपने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी हो लेकिन उसने इस खतरे का कोई विवरण नहीं दिया। उसने इस बारे में कुछ नहीं बताया कि खेलों के दौरान कौन लोग या संगठन हिंसा की साजिश रच रहे हैं।
यात्रा के समय खास सावधानी बरतें-अमेरिकी नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर जाने या होटल का चयन करने से पहले भारतीय मीडिया की खबरों पर जरूर गौर करें। अमेरिकी सरकार ने कहा कि उसके नागरिक दिल्ली की यात्रा के समय खास सावधानी बरतें। विदेश विभाग ने अमेरिकी पर्यटकों से कहा है कि वे हवाई अड्डों, रेलवे स्टेशनों और अन्य पर्यटन स्थलों पर सतर्क रहें। बयान में कहा गया है कि अमेरिकी नागरिक सार्वजनिक यातायात का इस्तेमाल करने और रात के समय ड्राइविंग करने के दौरान विशेष सावधानी बरतें। अमेरिकी नागरिकों से यह भी कहा गया है कि किसी भी आपात स्थिति में वे नई दिल्ली में दूतावास और मुंबई, चेन्नई, कोलकाता या फिर हैदराबाद में स्थित महावाणिज्य दूतावास से तत्काल संपर्क करें।
Keywords:
