सोनिया चौथी बार चुनी गईं अध्यक्ष
Saturday, 4th September 2010
'
कांग्रेस पर एक बार फिर नेहरू-गांधी परिवार का पताका लहराते हुए सोनिया गांधी रिकार्ड लगातार चौथी बार पार्टी अध्यक्ष बन गई हैं। संगठन चुनाव में निर्विरोध चुनी गईं सोनिया को शुक्रवार को अगर किसी तरह की चुनौती मिली तो वह राजधानी दिल्ली की झमाझम बरसात थी, लेकिन गांधी के निर्वाचन से उत्साहित कांग्रेसियों ने अपने धूम-धड़ाके और गाजे-बाजे से मौसम को भी पीछे छोड़ दिया।कांग्रेस की देश की सियासत में बड़ी भूमिका-इस अवसर पर सोनियाzने कहा कि पार्टी सत्ता में हो या न हो, देश की सियासत में उसकी बड़ी भूमिका है इसका अहसास सबको होना चाहिए। पार्टी मुख्यालय में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और उनके दर्जनों कैबिनेट मंत्रियों तथा पार्टी दिग्गजों की मौजूदगी में कांग्रेस चुनाव प्राधिकरण समिति के अध्यक्ष ऑस्कर फर्नांडीस ने सोनिया गांधी के निर्विरोध चुने जाने का ऐलान किया। करीब दस मिनट के इस संक्षिप्त कार्यक्रम का संचालन कर रहे पार्टी महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने सोनिया गांधी की शुरुआती राजनीतिक चुनौतियों की झलक देने की कोशिश की।अध्यक्ष का पद देश के प्रति बहुत बड़ी जिम्मेदारी-सोनिया गांधी ने दो मिनट के अपने संक्षिप्त संबोधन में निर्विरोध चुने जाने के लिए सभी कांग्रेजनों का आभार जताते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष का पद देश के प्रति बहुत बड़ी जिम्मेदारी है, क्योंकि कांग्रेस देश के हर कोने और वर्ग के लोगों की आकांक्षाओं का प्रतीक है। संक्रमण के दौर से कांग्रेस को इस मुकाम तक पहुंचाने के अपने कार्यकाल को सोनिया ने इसी अहसास का नतीजा बताया। सोनिया का निर्विरोध निर्वाचन तो बृहस्पतिवार को ही सुनिश्चित हो गया था, जब उनके खिलाफ कोई नामांकन नहीं आया। पर तकनीकी तौर पर शुक्रवार को स्क्रूटनी की औपचारिकता पूरी कर उनके निर्वाचन का ऐलान किया गया।
कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में सोनिया का सफर-
1997- सीताराम केसरी के कांग्रेस अध्यक्ष रहते आधिकारिक तौर पर पार्टी की सक्रिय सदस्यता ली
1998- 10 मार्च को कांग्रेस कार्यसमिति ने केसरी को हटाकर सोनिया गांधी को पार्टी की कमान सौंपी
1999- लोकसभा चुनाव में पार्टी का पहली बार नेतृत्व किया। इसमें पार्टी सबसे कम 112 सीट के रिकार्ड पर पहुंची
2000- कांग्रेस अध्यक्ष के पहले चुनाव में जितेंद्र प्रसाद से चुनौती मिली मगर भारी मतों से जीतीं
2003- दुबारा निर्विरोध कांग्रेस अध्यक्ष निर्वाचित
2004- लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को सबसे बड़ी पार्टी तक पहुंचाते हुए संप्रग सरकार का गठन कराया
2006- तीसरी बार भी निर्विरोध अध्यक्ष चुनी गईं
2010- 3 सितंबर को कांग्रेस की स्थापना के 125वें साल में लगातार चौथी बार निर्विरोध अध्यक्ष चुनी गईं
Keywords:
