रामजन्म भूमि पर फैसले तक भाजपा के प्रमुख कार्यक्रम रद्द
Saturday, 4th September 2010
रामजन्म भूमि पर अदालती फैसला आने तक भाजपा ने अपने सभी प्रमुख कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। कोर ग्रुप में लिए गए इस फैसले के बाद 18 और 19 सितंबर को जम्मू में होने वाली पार्टी की कार्यकारिणी भी अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई है। भाजपा के सूत्रों ने बताया कि कोर ग्रुप का यह फैसला राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से विचार-विमर्श के बाद लिया गया है। पार्टी अध्यक्ष नितिन गडकरी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष सुषमा स्वराज और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष अरुण जेटली ने सर संघ कार्यवाह भैयाजी जोशी से रामजन्म भूमि मुद्दे को लेकर मंत्रणा की है।अयोध्या मसले को गंभीरता से ले पार्टी
समझा जा रहा है कि संघ ने पार्टी को एक बार फिर नसीहत दी है कि रामजन्म भूमि भगवा दल के लिए मुद्दा से अधिक विचारधारा है लिहाजा इसे हल्के में नहीं लिया जाए। गौरतलब है कि रामजन्म भूमि को लेकर अदालत का फैसला इसी महीने आने वाला है। माना जा रहा है कि भाजपा संसदीय दल के नेता लालकृष्ण आडवाणी ने पार्टी नेताओं को यह निर्देश दिया है कि अदालत का फैसला आने तक इस मुद्दे पर किसी तरह की टिप्पणी नहीं होनी चाहिए।
साथ ही सभी वरिष्ठ नेताओं को यह सलाह दी गई है कि फैसला हक में हो या विरोध में संयम बनाए रखें। कोर ग्रुप में ही यह निर्णय हुआ कि जब तक फैसला नहीं आता है देश के किसी हिस्से में पार्टी का कोई प्रमुख कार्यक्रम नहीं रखा जाए। इस दौरान कोर ग्रुप या संसदीय बोर्ड की कोई भी बैठक संपूर्ण उपस्थिति के साथ सुनिश्चित करना भी तय किया गया। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आम तौर पर हर तीन महीने में होती है। पिछली राष्ट्रीय कार्यकारणी पटना में 12 और 13 जून को हुई थी।
Keywords:
