किशनजी ने माँगा चिदंबरम से इस्तीफा
Saturday, 4th September 2010
'
माओवादी नेता किशनजी ने शीर्ष नक्सली नेता सी. राजकुमार उर्फ आजाद की मौत की जाँच की माँग पर जोर देने के लिए 13 सितंबर को आठ राज्यों में 48 घंटे के बंद का आह्वान किया है।माओवादी नेता ने शुक्रवार को फोन पर बताया कि हम आजाद की हत्या के सिलसिले में केन्द्रीय गृहमंत्री पी. चिदंबरम, गृह सचिव जीके पिल्लै, आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री के रोसैया और राज्य के पुलिस महानिदेशक गिरीश कुमार के इस्तीफे की माँग करते हैं।उन्होंने कहा कि एक राष्ट्रीय साप्ताहिक के हवाले से आजाद की पोस्टमार्टम के अनुसार उन्हें सात सेमी की दूरी से गोली मारी गई। इस बात में कोई संदेह नहीं है कि यह आंध्रप्रदेश एसआईबी द्वारा की गई नृशंस हत्या है। किशनजी ने कहा कि बंद पश्चिम बंगाल, बिहार, उड़ीसा, झारखंड, छत्तीसगढ़, आंध्रप्रदेश, महाराष्ट्र के गढ़चिरौली, भंडारा और चंद्रपुर तथा मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में आयोजित किया जाएगा।माओवाद प्रभावित लालगढ़ की रैली में तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी के आजाद संबंधी बयान पर किशनजी ने कहा कि ममताजी ने अपना बयान नहीं बदला है तथा केन्द्रीय वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी ने भी उनका समर्थन किया। इस प्रकार एक तरह से सरकार भी स्वीकार कर रही है कि आजाद की हत्या की गई।भाकपा (माओवादी) पोलित ब्यूरो के नेता ने कहा कि लिहाजा यदि आजाद की हत्या की गई तो चिदंबरम केन्द्रीय गृहमंत्री की कुर्सी पर कैसे टिके हैं। यह असंवैधानिक है और उन्हें तुरंत इस्तीफा देना चाहिए। माओवादियों और सरकार के बीच होने वाली किसी भी बातचीत में प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह से हस्तक्षेप की माँग करते हुए किशनजी ने कहा कि प्रधानमंत्री को पहले अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वे माओवादियों से बातचीत करना चाहते हैं या नहीं।किशनजी ने कहा कि माओवादी केन्द्र को बातचीत के लिए कोई सीधा पत्र नहीं लिखेंगे। उन्होंने कहा, कि आजाद ने केन्द्र को एक पत्र लिखा था और केन्द्र ने आंध्रप्रदेश सरकार के साथ आजाद की नृशंस हत्या कर दी। उन्होंने कहा कि अभी तक हम प्रधानमंत्री के बातचीत के प्रस्ताव को स्वीकार करने को तैयार हैं बशर्ते वे सेवानिवृत्त न्यायाधीशों की तीन सदस्यीय समिति से न्यायिक जाँच करवाने का आदेश दें। उन्होंने 72 घंटे तक हिंसा छोड़ने के चिदंबरम के प्रस्ताव का उपहास उड़ाया।Keywords:
