राठौड़ को नहीं मिलेगी जगह
Wednesday, 1st September 2010
.
आखिर राज्यवर्धन सिंह राठौड़ कॉमनवेल्थ गेम्स के साथ एशियन गेम्स से भी बाहर हो गए। मंगलवार को वह ट्रायल खेलने नहीं पहुंचे। उन्होंने अपने ट्रायल में नहीं खेलने के पीछे नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई) की चयन नीति को जिम्मेदार ठहराया है। राठौड़ ने आरोप लगाया है कि इस नीति से दूसरे शूटर भी प्रभावित हुए हैं। यह सोमवार को ही पक्का हो गया था कि राठौड़ ट्रायल में नहीं उतरेंगे। उनकी मौजूदा फार्म भी अच्छी नहीं थी और उन्हें चयन के लिए 145 का स्कोर करना था। उनके ट्रायल छोड़ने का यही कारण माना जा रहा है।खुलकर पक्ष रखना चाहिए था-
एनआरएआई सचिव राजीव भाटिया ने कहा कि उन्हें नहीं मालूम है कि राठौड़ ने अंतिम समय में ट्रायल क्यों छोड़ दिया। ट्रायल में नहीं खेलने पर उनका बाहर होना तय है। उन्होंने कहा कि कोई भी चयन नीति बनती है तो किसी के लिए अच्छी होती और किसी के लिए बुरी, इस बारे में राठौड़ को एनआरएआई के समक्ष खुलकर पक्ष रखना चाहिए था। ट्रायल में 139 के स्तरीय स्कोर के साथ हिमांशु टॉप पर रहे, जबकि मुहम्मद असब 138 के साथ दूसरे और अजय मित्तल 137 के स्कोर पर तीसरे स्थान पर रहे। इन तीनों में से एक का एशियाई खेलों की टीम में चयन हो सकता है।
Keywords:
